डिप्थीरिया से बचाव को अपने बच्चों को अवश्य लगवाएं टीका – सीएमओ
– 20 अप्रैल से 2500 स्कूलों में चलेगा अभियान
-5 से 16 वर्ष तक के बच्चों को सुरक्षित करने का लक्ष्य. निजामुद्दीन अख्तर
बहराइच : बच्चों को डिप्थीरिया यानि गलघोंटू जैसी गंभीर और जानलेवा संक्रामक बीमारी से महफूज रखने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से 20 अप्रैल से विशेष स्कूल आधारित टीकाकरण अभियान शुरू किया जा रहा है। इस अभियान के तहत जिले के लगभग 2500 विद्यालयों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें पहुंचेंगी और करीब 70 हजार बच्चों को टीडी व डीपीटी बूस्टर की खुराक से आच्छादित करेगी।
टीकाकरण न होने पर जानलेवा हो सकती है बीमारी-
सीएमओ डॉ. संजय कुमार ने बताया कि बच्चों की सेहत और सुरक्षा स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। डिप्थीरिया एक गंभीर संक्रामक बीमारी है, जो सीधे बच्चों के गले और श्वसन तंत्र पर हमला करती है। इससे सांस लेने में गंभीर परेशानी जैसी स्थिति पैदा हो जाती है। यदि समय पर टीकाकरण न हो, तो यह बीमारी हृदय और नसों को भी नुकसान पहुंचा सकती है। इसीलिए सभी पात्र बच्चों को अतिरिक्त सुरक्षा देने के उद्देश्य से यह स्कूल आधारित अभियान शुरू किया जा रहा है। सीएमओ ने अभिभावकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर अपने बच्चों को स्कूल जरूर भेजें, ताकि कोई भी बच्चा इस महत्वपूर्ण सुरक्षा चक्र से वंचित न रह जाए।
माइक्रोप्लान तैयार, शिक्षा विभाग के साथ समन्वय-
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एसके सिंह ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए जनपद के 2500 स्कूलों को शामिल करते हुए एक विस्तृत माइक्रोप्लान तैयार कर लिया गया है। स्वास्थ्य विभाग और शिक्षा विभाग के समन्वय से विद्यालय स्तर पर सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान 5 से 16 वर्ष तक के बच्चों को डिप्थीरिया के विरुद्ध अतिरिक्त सुरक्षा दी जाएगी। इसके तहत लगभग 22000 बच्चों को डीपीटी बूस्टर की दूसरी खुराक और करीब 70 हजार बच्चों को टीडी10 (10 वर्ष के बच्चे) और टीडी16 (16 वर्ष के बच्चे) की खुराक दी जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की टीमें सीधे विद्यालयों में जाकर बच्चों का टीकाकरण करेंगी। इसके लिए अभिभावकों को भी निरंतर जागरूक किया जा रहा है ताकि शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जा सके।


